सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बिलासपुर जिले के झंडूता विधानसभा क्षेत्र के बरठीं में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार पर तीखा हमला किया और हिमाचल प्रदेश के अधिकारों के लिए भाजपा सांसदों और विधायकों से सवाल किया। उन्होंने कहा कि 1 फरवरी हिमाचल के इतिहास का काला दिन है, जब केंद्र सरकार ने राज्य को हर साल मिलने वाली करीब 10 हजार करोड़ रुपये की ग्रांट बंद कर दी। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि भाजपा के सांसदों और विधायकों को यह स्पष्ट करना चाहिए कि क्या वे इस 50 हजार करोड़ रुपये के नुकसान के खिलाफ आवाज उठाएंगे, क्योंकि यह हिमाचल की जनता के अधिकारों पर डाका है। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा नेता चुप रहे तो यह लड़ाई जनता के सहयोग से लड़ी जाएगी और हिमाचल के अधिकारों के लिए दिल्ली तक जाने की तैयारी है। सुक्खू ने जनसभा में कई विकास कार्यों की भी घोषणा की। उन्होंने री-रड़ोह पुल और दधोग टपें गांव में पुल निर्माण के लिए 2.5 करोड़ रुपये देने की घोषणा की, साथ ही बरठीं, गेहड़वी और झंडूता स्कूलों को CBSE पाठ्यक्रम पर आधारित करने का ऐलान किया। उन्होंने तलाई में सब-तहसील, मल्होट में कॉपरेटिव बैंक खोलने तथा पीएचसी कलोल को अपग्रेड करने की भी घोषणा की। इसके अलावा भल्लू घाट पुल हादसे में प्रभावित 16 परिवारों को 31-31 हजार रुपये की आर्थिक सहायता और शौर्य चक्र विजेता बलदेव चंद के परिजनों को सम्मानित करने की बात कही।
यह भी पढ़ें:https://sidhivinayaktimes.com/himachal-team-winsandbaajasthan-runners-up/
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने तीन वर्षों में 23 हजार करोड़ रुपये का कर्ज लिया और 26 हजार करोड़ रुपये ब्याज और मूलधन के रूप में चुका दिए, जबकि पिछली भाजपा सरकार ने 50 हजार करोड़ अधिक कर्ज लेकर उसे राजनीतिक लाभ में खर्च किया। उन्होंने बताया कि सरकार ने मछुआरों की रॉयल्टी 15 प्रतिशत से घटाकर 7.5 प्रतिशत की है और बेसहारा पशुओं के लिए सहायता राशि 700 से बढ़ाकर 1200 रुपये कर दी है। उन्होंने ओपीएस को लेकर कहा कि भाजपा के दबाव के बावजूद जब तक कांग्रेस सरकार है, ओपीएस बंद नहीं होगी। साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार के अग्निवीर नीति पर भी सवाल उठाए और कहा कि युवा अग्निवीर बनने के बाद भविष्य के लिए चिंतित हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने झंडूता विधानसभा क्षेत्र में 42.43 करोड़ रुपये की चार विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। उन्होंने परमवीर चक्र विजेता नायब सूबेदार संजय कुमार राजकीय तकनीकी कॉलेज, कलोल के नए प्रशासनिक भवन का उद्घाटन किया। इसके अतिरिक्त घुमारवीं-बरठीं-शाहतलाई सड़क उन्नयन, शाहतलाई नगर मल निकासी योजना तथा चरण गंगा के सौंदर्यकरण कार्यों का शिलान्यास भी किया। जनसभा में कई वरिष्ठ नेताओं और जनप्रतिनिधियों के साथ भारी संख्या में लोग मौजूद रहे, जिन्होंने मुख्यमंत्री का खुली जीप में भव्य स्वागत किया।





















