नई दिल्ली।
आम आदमी पार्टी के लिए अच्छी खबर आई है। आम आदमी पार्टी के नेता और राज्य सभा के सांसद संजय सिंह का राज्य सभा से निलंबन रद्द कर दिया गया है। राज्य सभा की विशेषाधिकार समिति ने संजय सिंह के विरुद्ध लंबित मामलों पर 77वीं और 78वीं रिपोर्ट पेश की थी। इस मामले में संजय सिंह ने उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के सभापति का धन्यवाद किया।
आप नेता संजय सिंह ने एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी है। ज्ञात रहे कि संजय सिंह को पिछले साल मानसून सत्र के दौरान अमर्यादित व्यवहार के कारण राज्यसभा से निलंबित कर दिया गया था। संजय सिंह ने पोस्ट में लिखा कि करीब एक साल बाद उन्हें संसद में जाने की इजाजत मिली है। संजय सिंह ने सीबीआई द्वारा अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर कहा कि वह मुख्यमंत्री केजरीवाल की गिरफ्तारी पर आईएनडीआईए गठबंधन के नेताओं से बात कर इस मुद्दे को संसद में उठाने का अनुरोध करेंगे।