भाजपा नेता गेजा राम वाल्मीकि ने पंजाब के राज्यपाल से मुलाकात कर बरनाला लाठीचार्ज मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है। केंद्रीय वाल्मीकि सभा इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष और फतेहगढ़ साहिब से भाजपा के पूर्व लोकसभा उम्मीदवार गेजा राम ने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे सफाई कर्मचारियों पर लाठीचार्ज किया गया, जो समुदाय के आत्मसम्मान का विषय है। उन्होंने पंजाब सरकार द्वारा संबंधित पुलिस अधिकारियों को केवल निलंबित करने या उनका तबादला करने की कार्रवाई को अपर्याप्त बताया और कहा कि सिर्फ निलंबन से पीड़ितों को पूर्ण न्याय नहीं मिलेगा। भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर दोषी पुलिस अधिकारियों को तुरंत सेवा से बर्खास्त करने की मांग की है। इसके साथ ही उन्होंने मांग की है कि पीड़ित सफाई कर्मचारियों की मेडिको-लीगल रिपोर्ट के आधार पर कानून के तहत उचित धाराओं में प्राथमिकी (FIR) दर्ज की जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई और सफाई कर्मचारियों की मांगों पर विचार नहीं किया गया, तो समुदाय द्वारा इस मुद्दे को और अधिक प्रमुखता से उठाया जाएगा और लोकतांत्रिक तरीके से विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।





















