धर्मशाला/जम्मू: हिमाचल प्रदेश की वादियों में चलने वाली कांगड़ा घाटी रेलवे पर सफर करने वाले रेल यात्रियों के लिए एक जरूरी खबर है। उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने परिचालन संबंधी बाधाओं और पटरियों के जरूरी रखरखाव को देखते हुए इस रूट पर बड़ा बदलाव किया है। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष ट्रेनों को रद्द करने के साथ-साथ अब हर हफ्ते ट्रैक मेंटेनेंस के लिए एक दिन का ब्लॉक तय किया गया है।
रेलवे प्रशासन के अनुसार, पठानकोट–नूरपुर रोड–पठानकोट के बीच दौड़ने वाली ईसीआर स्पेशल सर्विस और उससे जुड़ी सभी सेवाएं तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी गई हैं। इसमें विशेष रूप से ट्रेन संख्या 52462 और ट्रेन संख्या 52471 शामिल हैं। इन दोनों ट्रेनों का संचालन 10 जून 2026 से आगामी आदेश तक पूरी तरह से बंद रहेगा।
इसके अलावा, नैरो गेज ट्रैक और तकनीकी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के लिए रेलवे ने एक नया शेड्यूल जारी किया है। इसके तहत 12 जून 2026 से इस रेल खंड पर प्रत्येक शुक्रवार को ‘साप्ताहिक अवकाश’ रहेगा। यानी हर शुक्रवार को इस रूट पर चलने वाली सभी नैरो गेज पैसेंजर ट्रेन सेवाएं पूरी तरह निलंबित रहेंगी। जम्मू मंडल के जनसंपर्क निरीक्षक राघवेंद्र सिंह ने यात्रियों से अपील की है कि वे इस बदलाव को ध्यान में रखकर ही अपने सफर की प्लानिंग करें। यात्री ट्रेनों की लाइव लोकेशन के लिए 139 नंबर या एनटीईएस (NTES) ऐप की मदद ले सकते हैं। [1]




















