हमीरपुर, 07 जून: जिला हमीरपुर के नादौन थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस ने गश्त के दौरान दो युवतियों सहित पांच युवाओं को चिट्टे (हेरॉइन) के साथ रंगे हाथों दबोचा है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1.40 ग्राम चिट्टा और नकदी समेत कुछ संदिग्ध सामान बरामद कर मामला दर्ज कर लिया है.
मिली जानकारी के अनुसार, थाना नादौन पुलिस की एक टीम जब तरेटी गांव में गश्त पर थी, तो उन्हें हाई स्कूल तरेटी के पास कुछ युवा संदिग्ध अवस्था में बैठे दिखाई दिए. पुलिस टीम ने जब उनसे पूछताछ शुरू की तो वे कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दे पाए. प्रारंभिक जांच में सभी आरोपी नशे की हालत में प्रतीत हो रहे थे. संदेह होने पर जब पुलिस ने मौके पर खड़ी गाड़ी की तलाशी ली, तो उसमें से दो पारदर्शी पन्नियों में भूरे-सफेद रंग का पदार्थ बरामद हुआ. इलेक्ट्रॉनिक तराजू पर तोलने पर इसकी कुल मात्रा 1.40 ग्राम चिट्टा पाई गई. इसके अतिरिक्त पुलिस को एक काले रंग के पर्स से आरोपियों के पहचान दस्तावेज, नकदी और कुछ जले हुए नोट भी बरामद हुए हैं, जिन्हें पुलिस ने नियमानुसार सील कर कब्जे में ले लिया है.
मामले की पुष्टि करते हुए हमीरपुर के पुलिस अधीक्षक (SP) बलवीर सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने गश्त के दौरान मुस्तैदी दिखाते हुए इन युवाओं से नशीला पदार्थ बरामद किया है. गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान कुशल कुमार निवासी भूम्पल नादौन, अंकित निवासी जलाड़ी, पंकज कौडल निवासी भड़ोली (जिला कांगड़ा), अमरजोत निवासी होशियारपुर और तमन्ना निवासी जालंधर के रूप में हुई है. पुलिस अधीक्षक ने कहा कि थाना नादौन में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और नशे के इस अवैध नेटवर्क की कड़ियों को खंगालने के लिए आगामी कार्रवाई तेजी से अमल में लाई जा रही है.













