पंजाब भाजपा के नवनियुक्त अध्यक्ष सरदार केवल सिंह ढिल्लों ने नई दिल्ली में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से शिष्टाचार भेंट की। इस बैठक में दिल्ली सरकार के पर्यावरण, वन एवं वन्यजीव मंत्री सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा भी उपस्थित रहे। मुलाकात के दौरान ढिल्लों ने समृद्ध, सौहार्दपूर्ण और सुशासित पंजाब के निर्माण को लेकर अपना दृष्टिकोण साझा किया। उन्होंने महाराजा रणजीत सिंह के शासन मॉडल को पंजाब के भविष्य के लिए एक आदर्श मानक बताया और कहा कि उनके कार्यालय में स्थापित महाराजा रणजीत सिंह का चित्र न्याय, समावेशिता और सुशासन के सिद्धांतों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। ढिल्लों ने एक ऐसे पंजाब के निर्माण का संकल्प दोहराया जहां हर किसान समृद्ध हो, हर धर्म का सम्मान हो और हर नागरिक को समानता व सम्मान मिले।




















