जिला तंबाकू नियंत्रण उड़नदस्ता एवं नशा निवारण विशेष कार्यबल ने धर्मशाला के डिपो बाजार, सिविल लाइंस, कॉलेज रोड, जवाहर नगर और एचपीसीए स्टेडियम के पास एक विशेष अभियान चलाया। इस कार्रवाई के दौरान कोटपा (COTPA) अधिनियम के नियमों का उल्लंघन करने पर 11 लोगों और दुकानों के चालान किए गए।
जांच में मुख्य रूप से सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने, दुकानों पर नाबालिगों को तंबाकू उत्पाद न बेचने के अनिवार्य बोर्ड न लगाने और हिमाचल प्रदेश में प्रतिबंधित खुली सिगरेट बेचने जैसी कमियां पाई गईं। यह अभियान स्वास्थ्य विभाग की जिला नोडल अधिकारी डॉ. अनुराधा की अगुवाई में ड्रग इंस्पेक्टर मीनाक्षी, उप निरीक्षक सुनील पटियाल, एएसआई इंदु बाला और स्वास्थ्य विभाग के सुरेश मंडयाल की टीम द्वारा पूरा किया गया। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि तंबाकू कैंसर, दिल की बीमारी और टीबी जैसी गंभीर बीमारियों की मुख्य वजह है और यह नशे की शुरुआत का जरिया बनता है।















