राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने आज लोक भवन से राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के माउंट दियो टिब्बा अभियान-2026 को झंडी दिखाकर रवाना किया। यह हिमालयी पर्वतारोहण अभियान पर जाने वाले कैडेटस एवं स्टाफ के लिए आयोजित औपचारिक समारोह था। राज्यपाल ने इस अवसर पर कैडेटस को संबोधित करते हुए उन्हें साहस, अनुशासन और टीम भावना की उत्कृष्ट परंपराओं को बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि साहसिक गतिविधियां युवाओं में आत्मविश्वास, सहनशक्ति, नेतृत्व क्षमता तथा दृढ़ संकल्प की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
कविन्द्र गुप्ता ने कहा कि राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) चरित्र निर्माण, नेतृत्व क्षमता, देशभक्ति और अनुशासन का प्रतीक है। यह युवाओं में जिम्मेदार नागरिक बनने व नेतृत्व की भावना का विकास करता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के अभियान और गतिविधियों में भाग लेने वाले प्रतिभागी फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रसेवा के प्रेरक दूत बनकर उभरते हैं। उन्होंने कहा कि साहसी, अनुशासित और समर्पित युवा ही विकसित भारत की सशक्त नींव हैं।
राज्यपाल ने कहा कि माउंट दियो टिब्बा अभियान में भाग ले रहे कैडेटस देश की युवा शक्ति की अपार क्षमता और सामर्थ्य का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। उनका समर्पण, दृढ़ संकल्प और कठिन परिश्रम अन्य युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने अभियान दल को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि यह चुनौतीपूर्ण अभियान उनके साहसिक जज्बा, आत्मविश्वास और विपरीत परिस्थितियों से जूझने की क्षमता को और अधिक मजबूत करेगा। यह अभियान 6,001 मीटर की ऊंचाई वाली चोटी के लिए आयोजित किया जा रहा है।



















