मनाली में एक हैरान करने वाला रोड रेज का मामला सामने आया है, जहां होटल नीलम रांगड़ी के पास एक वेन्यू कार (HP-58A-9691) के चालक संजय कुमार ने टाइलों से भरे एक ट्रक को ओवरटेक करके रोक दिया। कार चालक ने न केवल ट्रक का रास्ता रोका, बल्कि गाली-गलौज और बहसबाजी भी की। इसके बाद आरोपी ने अपनी कार की डिक्की से दराट निकाला और ट्रक की ड्राइवर साइड का शीशा तोड़कर चाबी लेकर मौके से फरार हो गया।
यह शिकायत ट्रक चालक प्रेम चंद (निवासी गांहर, कुल्लू) ने दर्ज कराई है, जो अपने कंडक्टर ठाकुर दास के साथ कुल्लू से लेह जा रहे थे। राहत की बात यह रही कि इस घटना में शिकायतकर्ता और उनके साथी को कोई चोट नहीं आई है। मौके पर मौजूद सुरेश और राकेश कुमार नामक दो प्रत्यक्षदर्शियों ने पूरी घटना को देखा। शिकायत के आधार पर मनाली थाना में आरोपी के खिलाफ धारा 126(2), 352, 324(2), 351(2) BNS के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस आगे की जांच कर रही है।


















