धर्मशाला के पुलिस ग्राउंड में 28 मई से 30 मई 2026 तक तीन दिवसीय तिब्बती सांस्कृतिक उत्सव का आयोजन किया जा रहा है जिसे तिब्बती संस्कृति का महाकुंभ कहा जा रहा है।SidhivinayakTimes की विशेष रिपोर्ट के अनुसार यह भव्य उत्सव तिब्बती आध्यात्मिक गुरु परम पावन 14वें दलाई लामा के 90वें जन्मवर्ष और ‘करुणा वर्ष’ के उपलक्ष्य में आयोजित हो रहा है। केंद्रीय तिब्बती प्रशासन और तिब्बती सेटलमेंट ऑफिस द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य तिब्बती समुदाय और स्थानीय भारतीय लोगों के बीच आपसी एकता, भाईचारे और दोस्ती को मजबूत करना है। साथ ही इसके जरिए पिछले 60 वर्षों से मिल रहे सहयोग के लिए भारत सरकार और हिमाचल के लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया जा रहा है।
उत्सव के मुख्य आकर्षण और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
इस तीन दिवसीय उत्सव में तिब्बती स्कूली बच्चों और तिब्बती इंस्टीट्यूट ऑफ परफॉर्मिंग आर्ट्स के कलाकारों द्वारा शानदार पारंपरिक नृत्य और संगीत का प्रदर्शन किया जाएगा। हर रात का समापन पारंपरिक तिब्बती सर्कल डांस ‘गोर्शें’ के साथ होगा और प्रसिद्ध इंडियन आइडल फेम तिब्बती सिंगर तेनज़िन भी इस कार्यक्रम में अपनी विशेष प्रस्तुति देंगे। उत्सव के दौरान नॉरबुलिंगका इंस्टीट्यूट और लाइब्रेरी ऑफ तिब्बती वर्क्स एंड आर्काइव्स द्वारा तिब्बती कला, पेंटिंग्स और किताबों की प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। इसके अलावा मेन-त्सी-खांग द्वारा लोगों के लिए मुफ्त चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जाएगा जहां मुफ्त दवाइयां भी दी जाएंगी। पर्यटकों के लिए लजीज पारंपरिक तिब्बती व्यंजनों के स्टॉल्स और बच्चों के लिए स्पेशल चिल्ड्रन्स कॉर्नर भी बनाया गया है।
उद्घाटन समारोह और अतिथियों का स्वागत
इस पूरी तरह से गैर-राजनीतिक उत्सव का उद्घाटन 28 मई को सुबह 11 बजे किया जाएगा जिसमें स्थानीय सांसदों, विधायकों, जिला प्रशासन के अधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है। यह कार्यक्रम पूरी तरह से निशुल्क है और सभी आम जनता के लिए खुला है।


















