धर्मशाला: आईपीएल के पहले क्वालीफायर मुकाबले के लिए गुजरात टाइटंस की टीम शनिवार को धर्मशाला पहुंच गई है। आगामी 26 मई को धर्मशाला स्टेडियम में गुजरात टाइटंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के बीच यह ब्लॉकबस्टर मैच खेला जाएगा, जिसके लिए आरसीबी की टीम के रविवार को यहां पहुंचने की उम्मीद है।
कांगड़ा एयरपोर्ट पर गुजरात की टीम का स्वागत करने और अपने पसंदीदा खिलाड़ियों की एक झलक पाने के लिए प्रशंसकों की भारी भीड़ उमड़ी। एयरपोर्ट से बाहर निकलते ही गुजरात टीम के कप्तान शुभमन गिल सबसे आगे खड़ी गाड़ी में सवार हुए। इस दौरान टीम के कुछ खिलाड़ियों ने चाय पीने की इच्छा जताई और वे एयरपोर्ट परिसर के स्टाल पर चाय का लुत्फ उठाने के लिए रुके।
शुभमन गिल को अपने सामने देखकर ऑटोग्राफ लेने के लिए नन्हे फैंस की भीड़ जुट गई। कप्तान गिल ने भी अपने फैंस को निराश नहीं किया और मुस्कुराते हुए किसी को गेंद पर तो किसी को कागज पर ऑटोग्राफ दिए। इसके बाद गुजरात की टीम कड़े सुरक्षा घेरे के बीच धर्मशाला में अपने होटल के लिए रवाना हो गई। दोनों टीमें इस नॉकआउट मुकाबले को जीतकर सीधे फाइनल में जगह पक्की करने के इरादे से मैदान पर उतरेंगी।


















