धर्मशाला, 4 मई: हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित जमा दो के परीक्षा परिणामों में कांगड़ा जिले के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश की मेरिट सूची में अपना नाम दर्ज कराया है। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने सभी मेधावी छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए इसे उनकी कड़ी मेहनत और शिक्षकों व अभिभावकों के सही मार्गदर्शन का सुखद परिणाम बताया है।
जिले के विद्यार्थियों ने तीनों संकायों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। साइंस स्ट्रीम में ‘द न्यू एरा स्कूल ऑफ साइंसेज’ की शायला कश्यप ने प्रदेश भर में पहला स्थान हासिल किया है, वहीं आर्ट्स स्ट्रीम में पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भवारना के अंशित कुमार ने प्रथम और राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दाड़ी की शाम्या बारजतया ने तृतीय स्थान प्राप्त कर जिले का मान बढ़ाया है। इसी तरह कॉमर्स स्ट्रीम में ए.वी.एम. सीनियर सेकेंडरी स्कूल पाहडा खैरा के अयान ने प्रदेश की मेरिट सूची में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। उपायुक्त ने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि यह सफलता अन्य छात्रों को भी जीवन में बेहतर करने के लिए प्रेरित करेगी।
















