धर्मशाला, 26 अप्रैल: हिमाचल प्रदेश के बैजनाथ उपमंडल के दुर्गम गुरण धार क्षेत्र में हुए एक पैराग्लाइडिंग हादसे के बाद सरकार और प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए दो पैराग्लाइडरों का सुरक्षित रेस्क्यू किया है। क्षेत्र की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और सड़क संपर्क न होने के कारण सरकार ने तुरंत हेलीकॉप्टर की मदद ली, जिससे समय रहते दोनों की जान बचाई जा सकी।
उपायुक्त हेमराज बैरवा ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि राजस्थान के रहने वाले पायलट अरुण सिंह इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जबकि दूसरे पैराग्लाइडर रंजन गुप्ता एक पेड़ पर फंस गए थे। घटनास्थल इतना दुर्गम था कि वहां पैदल पहुंचना नामुमकिन था, इसलिए वायु सेना के हेलीकॉप्टर के जरिए विशेष बचाव अभियान चलाया गया।
पुलिस, स्थानीय बचाव दल और एयरफोर्स के बेहतर तालमेल से दोनों को सुरक्षित निकालकर पालमपुर के विवेकानंद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उपायुक्त ने कहा कि सरकार के त्वरित निर्णय और हवाई सहायता के चलते ही यह रेस्क्यू मिशन सफलतापूर्वक संपन्न हो सका।
















