धर्मशाला | रिपोर्टर: शशि भूषण , धर्मशाला में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक में सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने अधिकारियों को पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ काम करने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि सांसद और विधायक निधि के तहत चल रहे सभी विकास कार्य तय समय सीमा के भीतर पूरे होने चाहिए और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक के दौरान सांसद ने हिमाचल प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार केंद्र की योजनाओं के उद्घाटन के समय प्रोटोकॉल का पालन नहीं कर रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री को घेरते हुए कहा कि केंद्र की योजनाओं के लोकार्पण के समय स्थानीय सांसद की उपस्थिति सुनिश्चित की जानी चाहिए, क्योंकि इन परियोजनाओं के लिए बजट केंद्र सरकार द्वारा दिया जा रहा है। सांसद ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि वे विकास कार्यों में तेजी लाएं ताकि जनता को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।





















