हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सरकाघाट की 19 वर्षीय छात्रा सिया की हत्या के मामले में कानून का शिकंजा कसता जा रहा है। आरोपी को गुरुवार को धर्मपुर न्यायालय में कड़ी सुरक्षा के बीच पेश किया गया, जहाँ से उसे 20 अप्रैल तक पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। इससे पहले आरोपी न्यायिक हिरासत के दौरान नेरचौक मेडिकल कॉलेज में उपचाराधीन था। पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है और अब वह टूटता हुआ नजर आ रहा है, जिससे उम्मीद है कि रिमांड के दौरान हत्या के पीछे के असली कारणों और मकसद का खुलासा हो सकेगा। पहले की पूछताछ में आरोपी लड़की का जिक्र आने पर अक्सर चुप्पी साध लेता था, लेकिन अब पुलिस को अहम सुराग मिलने की उम्मीद है। हत्याकांड के बाद से पूरे इलाके के लोगों में भारी गुस्सा है और विभिन्न स्थानों पर लगातार विरोध प्रदर्शन व धरने जारी हैं। पुलिस फिलहाल पोस्टमार्टम की विस्तृत रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के नतीजों का इंतजार कर रही है ताकि इस गंभीर मामले में ठोस सबूत जुटाकर आरोपी को सख्त सजा दिलाई जा सके।
















