शिमला, 16 अप्रैल 2026: भाजपा के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता राकेश जमवाल ने हिमाचल प्रदेश में सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि पार्टी के भीतर नेतृत्व, संगठन और सरकार के बीच तालमेल पूरी तरह खत्म हो चुका है। शिमला में जारी एक बयान में उन्होंने कहा कि कांग्रेस का आंतरिक कलह और असंतोष अब सार्वजनिक हो गया है, जिससे यह स्पष्ट है कि पार्टी पूरी तरह बिखराव की ओर है।
जमवाल ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस नेता आपसी खींचतान में उलझे हैं और इस “जीरो तालमेल” के बीच खुद को “हीरो” साबित करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने वरिष्ठ नेताओं के बीच बढ़ते द्वंद्व का हवाला देते हुए कहा कि कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी के हालिया दौरे ने यह साफ कर दिया है कि हाईकमान भी सरकार के कामकाज से खुश नहीं है। उनके अनुसार, कांग्रेस की रणनीतियां केवल कागजों तक सीमित हैं क्योंकि जमीनी स्तर पर कार्यकर्ता और सरकार एक दिशा में नहीं हैं।
आगामी चुनावों पर बात करते हुए जमवाल ने दावा किया कि महंगाई, बेरोजगारी और प्रशासनिक अव्यवस्था से त्रस्त जनता पंचायती राज चुनावों में कांग्रेस को करारा जवाब देगी। उन्होंने कहा कि जहाँ कांग्रेस अंदरूनी लड़ाई में व्यस्त है, वहीं भाजपा बूथ स्तर तक संगठित और सक्रिय है। उन्होंने विश्वास जताया कि विकास और पारदर्शिता के मुद्दे पर भाजपा इन चुनावों में बड़ी जीत हासिल करेगी और कांग्रेस का धरातल से सूपड़ा साफ होना तय है।














