धर्मशाला।खनियारा में आधुनिक अखाड़ा बनाया जाएगा, जिसपर पांच लाख रुपए खर्च किए जाएंगे। यह बात दिग्गज भाजपा नेता व धर्मशाला से विधायक सुधीर शर्मा ने रविवार को खनियारा के सालाना मेले में कही। सुधीर शर्मा ने कहा कि मेला मैदान के सौंदर्यीकरण के लिए बजट का जल्द प्रावधान किया जाएगा। सुधीर शर्मा ने कहा कि खनियारा में जल्द ही 20 सोलर लाइट्स लगाई जाएंगी। उन्होंने अपनी ओर से मेला आयोजन समिति को 50 हजार रुपए दिए। सुधीर शर्मा ने कहा कि अमर शहीद सुनील जंग महंत जी की याद में खनियारों में प्रेवश द्वार बन रहा है। इस पर चार लाख रुपए खर्च किए जा रहे हैं। इस गेट को अप्रैल माह में समर्पित किया जाएगा। शर्मा ने कहा कि खनियारा में बटवाल फाउंडेशन भवन के लिए दस लाख रुपये दिए गए हैं। खनियारा वार्ड के 18 परिवारों को मकान बनाने व पुराने मकान की मुरम्मत हेतु 19.5 लाख दिए हैं। वहीं रास्तों , डंगों की मुरम्मत व निर्माण हेतु लगभग 23 लाख रुपये दिए हैं। सुधीर शर्मा ने कहा कि
गत वर्ष सर्वकल्याणकारी संस्था व नवजीवन फाउंडेशन द्वारा विशाल हेल्थ कैम्प खनियारा में करवाया गया था, उसमें भी उनकी ओर से 50 हजार का योगदान दिया गया था। लोकप्रिय विधायक ने मेला समिति को सफल आयोजन की बधाई दी। उन्होंने कहा कि मेले हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक पहुँचाने का काम करते हैं। ये न केवल मनोरंजन प्रदान करते हैं, बल्कि समुदाय के लोगों को एकजुट होने का अवसर भी देते हैं, जिससे भाईचारा बढ़ता है। मेलों में लोक नृत्य, लोक गीत, पारंपरिक परिधान और स्थानीय व्यंजनों की समृद्ध झलक मिलती है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण मेलों और कार्यक्रमों को और सफल बनाने के लिए वह हर गांव में एक मैदान विकसित करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि धर्मशाला में जिस तेजी से विकास हो रहा था, उसे मौजूदा कांग्रेस सरकार ने रोक दिया है। जनता जरूर कांग्रेस को सबक सिखाएगी।

















