सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में प्रदेश सरकार द्वारा बड़े स्तर पर निवेश किया जा रहा है। तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने ग्राम पंचायत बम्म के तहत कोटलु (बनी–पंडता) में बनने वाले 33/11 केवी विद्युत सब स्टेशन का भूमि पूजन करते हुए बताया कि क्षेत्र में निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए लगभग 200 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं पर कार्य प्रगति पर है। लगभग 13 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस सब स्टेशन के पूरा होने से भराड़ी और आसपास के क्षेत्रों में लंबे समय से चली आ रही बिजली संबंधी समस्याओं से लोगों को राहत मिलेगी। मंत्री ने कहा कि घुमारवीं क्षेत्र में कुल पांच नए 33/11 केवी सब स्टेशन स्थापित किए जा रहे हैं, जिससे लो-वोल्टेज, ओवरलोडिंग और बार-बार बिजली गुल होने जैसी समस्याओं का स्थायी समाधान होगा। उन्होंने बताया कि करयालग में जिले का पहला 132 केवी सब स्टेशन स्थापित किया जाएगा, जिस पर करीब 70 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
यह भी पढ़ें:https://sidhivinayaktimes.com/workshoocusing-on-senior-cand-awareness/
इसके निर्माण से कांगू पर निर्भर विद्युत आपूर्ति समाप्त होगी और क्षेत्र की बिजली व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ बनेगी। इसके साथ ही घुमारवीं शहर, बडोली देवी और वकेन-जेजवीं क्षेत्रों में भी नए सब स्टेशन और मौजूदा सब स्टेशनों के आधुनिकीकरण का कार्य किया जा रहा है। राजेश धर्माणी ने जानकारी दी कि क्षेत्र में अब तक दर्जनों नए ट्रांसफार्मर लगाए जा चुके हैं और आने वाले समय में ट्रांसफार्मरों की संख्या और क्षमता दोनों में बढ़ोतरी की जाएगी। इसके अलावा 33 केवी और अन्य विद्युत लाइनों के सुदृढ़ीकरण पर भी करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार चरणबद्ध तरीके से विद्युत ढांचे को मजबूत कर रही है, ताकि उपभोक्ताओं को चौबीसों घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके। कार्यक्रम में विद्युत बोर्ड के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।





















