सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। शहीद दिवस के मौके पर शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद कांग्रेस नेताओं ने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम में किए गए बदलावों और योजना का नाम बदले जाने के विरोध में दो घंटे का सांकेतिक उपवास रखा। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा के मूल ढांचे में किए जा रहे संशोधन ग्रामीण रोजगार की गारंटी को कमजोर कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें:https://sidhivinayaktimes.com/congress-is-playing-politics-oversudhir-sharma/
उन्होंने आरोप लगाया कि पहले जहां पंचायतों को स्थानीय स्तर पर काम सृजित करने के अधिकार थे, वहीं अब उन शक्तियों में कटौती की गई है, जिससे ग्रामीण युवाओं और महिलाओं को मिलने वाले रोजगार के अवसर प्रभावित हुए हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि कोविड महामारी के दौरान मनरेगा ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ साबित हुई थी, लेकिन अब इसके बजट और वित्तीय हिस्सेदारी में बदलाव कर राज्यों पर अतिरिक्त बोझ डाला जा रहा है। इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार से मनरेगा के नाम और स्वरूप में किए गए बदलावों को वापस लेने की मांग की।





















