सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। भाजपा विधायक सुधीर शर्मा ने मनरेगा का नाम बदलकर “वीबीजी राम योजना” किए जाने को लेकर कांग्रेस द्वारा किए जा रहे विरोध को पूरी तरह राजनीतिक ड्रामा करार दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को योजना के नाम से नहीं, बल्कि मजदूरों के वास्तविक हितों से जुड़ना चाहिए। सुधीर शर्मा का कहना था कि भाजपा ने हमेशा ग्रामीण रोजगार को मजबूत करने और मजदूरों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के लिए काम किया है, जबकि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में मनरेगा कार्य ठप पड़े हैं और हजारों मजदूर अपनी मजदूरी का इंतजार कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें:https://sidhivinayaktimes.com/congress-protests-renaminggandhi-vatika/
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नाम बदलने को मुद्दा बनाकर अपनी नाकामियों से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है। भाजपा विधायक ने कहा कि “वीबीजी राम योजना” का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाना, पलायन रोकना और गरीबों की आय में वृद्धि करना है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि कांग्रेस को ‘राम’ नाम से आपत्ति क्यों है, जबकि यह भारत की संस्कृति और मूल्यों का प्रतीक है। सुधीर शर्मा ने कहा कि जनता अब खोखली राजनीति नहीं, बल्कि जवाबदेही और विकास चाहती है, और समय आने पर कांग्रेस को इसका जवाब जरूर देना पड़ेगा।





















