सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने कहा है कि पूर्व सैनिकों से जुड़ी समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। इसके लिए 28 जनवरी को एक विशेष बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें पूर्व सैनिकों की विभिन्न समस्याओं और उनके कल्याण से संबंधित मुद्दों पर चर्चा होगी। उपायुक्त ने यह बात आज जिला सैनिक कल्याण विभाग द्वारा जिला भाषा अधिकारी कार्यालय सभागार में आयोजित 10वें सशस्त्र सेना वयोवृद्ध दिवस कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि बोलते हुए कही। उन्होंने कहा कि यह दिवस देश की तीनों सेनाओं से सेवानिवृत्त वीर सैनिकों के त्याग, साहस और योगदान को सम्मान देने के लिए मनाया जाता है। इस अवसर पर शहीदों और उनके परिवारों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना भी इसका उद्देश्य है।
यह भी पढ़ें:https://sidhivinayaktimes.com/s-vipin-singh-parmar-slams-congress-govt-health-water-roads/
राहुल कुमार ने कहा कि पूर्व सैनिक देश की अमूल्य धरोहर हैं, जिन्होंने देश की सुरक्षा और एकता बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने शहीद स्मारक बिलासपुर में शेड निर्माण तथा मुख्य सड़क से ईसीएचएस वाया सीएसडी कैंटीन तक जाने वाले मार्ग के सुधार कार्य को प्राथमिकता देने का भी आश्वासन दिया। कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों और वीर नारियों को सम्मानित किया गया। इसके अलावा, जिला सैनिक कल्याण विभाग के कैप्टन रमेश शर्मा ने सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की। कार्यक्रम में ब्रिगेडियर सेवानिवृत्त जे.एस. वर्मा वीएसएम, कर्नल राजेन्द्र सिंह, कैप्टन अमरनाथ, बालक राम, संजीव, सुरेंद्र समेत बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, वीर नारियां और उनके परिजन उपस्थित रहे।





















