सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। शिमला में 17 जनवरी को गेयटी थिएटर में विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण (SIR) को लेकर एक भव्य और ऐतिहासिक कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी के प्रकोष्ठ समन्वयक पुरुषोत्तम गुलेरिया ने बताया कि यह अभियान लोकतंत्र की शुचिता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में लगभग 1000 प्रतिनिधि भाग लेंगे, जिनमें बुद्धिजीवी, ओपिनियन मेकर, शिक्षाविद, अधिवक्ता, सेवानिवृत्त प्रशासनिक अधिकारी और जागरूक मतदाता शामिल हैं।पुरुषोत्तम गुलेरिया ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य केवल जानकारी प्रदान करना नहीं है, बल्कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जुड़े भ्रम और दुष्प्रचार को दूर करना भी है। मंच पर यह बताया जाएगा कि विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण क्यों आवश्यक है, इसका संवैधानिक महत्व क्या है और इससे मतदाता सूची को अधिक निष्पक्ष और भरोसेमंद बनाने में कैसे मदद मिलती है।
उन्होंने कहा कि जब समाज के बुद्धिजीवी और प्रभावशाली लोग इस विषय को समझेंगे, तो वे अपने क्षेत्रों में सही जानकारी साझा करेंगे, जिससे लोकतंत्र और अधिक सशक्त होगा। गुलेरिया ने उम्मीद जताई कि यह आयोजन सुव्यवस्थित, प्रभावशाली और व्यापक स्तर पर संवाद का मंच साबित होगा, और समाज में मतदाता सूची की शुद्धता और पारदर्शिता को लेकर सकारात्मक और जागरूक माहौल तैयार करेगा। इस कार्यक्रम से लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूती देने और समाज में तथ्यात्मक जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण योगदान की उम्मीद जताई जा रही है।
















