सिद्धविनायक टाइम्स शिमला। लूहरी राष्ट्रीय राजमार्ग-305 पर यात्रा करना अब स्थानीय जनता और पर्यटकों के लिए चुनौतीपूर्ण हो गया है। बीते दो बरसाती मौसमों में सड़क के कई हिस्से खस्ता हो गए हैं, जिससे वाहन चालकों को गंभीर जोखिम का सामना करना पड़ रहा है। बंजार विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुरेंद्र शौरी ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा सड़क के रखरखाव और सुधार के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध कराया जा चुका है, लेकिन राज्य सरकार और संबंधित विभाग समय पर काम नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने विभागीय लापरवाही और ठेकेदारों की धीमी प्रगति को सड़क की बदहाल स्थिति का मुख्य कारण बताया।
यह भी पढ़ें:https://sidhivinayaktimes.com/loose-pitbull-attacks-small-dog-killed-area-in-shock/
विधायक शौरी ने आग्रह किया कि संबंधित विभाग और ठेकेदारों की एक समन्वय बैठक बंजार में आयोजित की जाए, ताकि आगामी पर्यटन सीजन से पहले सड़क सुधार कार्यों की स्पष्ट रूपरेखा तैयार की जा सके। उन्होंने कहा कि जनता को सही जानकारी उपलब्ध कराना और कार्यों की प्रगति के बारे में समय-समय पर अपडेट देना बेहद आवश्यक है। शौरी ने स्पष्ट किया कि यदि समय पर ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो न केवल स्थानीय लोगों बल्कि कुल्लू जिले के पर्यटन व्यवसाय को भी भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।





















