सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। बैजनाथ में आयोजित राज्य स्तरीय शिवरात्रि महोत्सव की तैयारियों को लेकर सोमवार को प्रथम बैठक आयोजित की गई, जिसमें विधायक किशोरी लाल विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि शिवरात्रि महोत्सव समाज का पर्व है और इसे राजनीति से ऊपर रखते हुए सभी को सक्रिय सहयोग देना चाहिए। उन्होंने महोत्सव को और अधिक भव्य, आकर्षक और जनभावनाओं के अनुरूप आयोजित करने पर जोर दिया। बैठक में विधायक ने आयोजन समिति को निर्देश दिए कि महोत्सव में खेल प्रतियोगिताओं और मनोरंजक गतिविधियों को शामिल किया जाए, और कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बैजनाथ शिव मंदिर में हवन में विद्वानों को आमंत्रित करने और स्थानीय लोगों से महोत्सव को बेहतर बनाने के सुझाव आमंत्रित करने पर भी बल दिया।
यह भी पढ़ें:https://sidhivinayaktimes.com/aswani-sharma-raises-serious-questionmploymentmgnrega/
बैठक का संचालन एसडीएम बैजनाथ और महोत्सव समिति के अध्यक्ष संकल्प गौतम ने किया, जिसमें मेला समिति गठन, शोभा यात्रा, सांस्कृतिक कार्यक्रम, स्टॉल आवंटन और धन एकत्रित करने सहित विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। इस अवसर पर तहसीलदार, नप अध्यक्ष, कई गणमान्य व्यक्ति और सुरक्षा अधिकारी भी उपस्थित रहे। राज्य स्तरीय शिवरात्रि महोत्सव-2026 का आयोजन 15 फरवरी से 19 फरवरी तक इंदिरा गांधी स्टेडियम में किया जाएगा।





















