सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। शिमला से जारी बयान में पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश में सीमेंट के दाम बढ़ाए जाने पर कांग्रेस सरकार को कठघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि हिमाचल इस समय भीषण आपदा के दौर से गुजर रहा है, जहां हजारों लोग बेघर हो चुके हैं और बड़ी संख्या में मकान व पशुशालाएं क्षतिग्रस्त हुई हैं। ऐसे हालात में सरकार की जिम्मेदारी राहत और पुनर्निर्माण में सहयोग करने की है, लेकिन इसके उलट सीमेंट के दाम बढ़ाकर आपदा प्रभावितों की परेशानियां और बढ़ाई जा रही हैं। जयराम ठाकुर ने कहा कि जो लोग सीमित संसाधनों से अपने टूटे हुए घरों को दोबारा खड़ा करने की कोशिश कर रहे हैं, उनके लिए सीमेंट के बढ़ते दाम बड़ी बाधा बन गए हैं। उन्होंने इसे आपदा प्रभावितों के साथ अमानवीय व्यवहार बताया और कहा कि हैरानी की बात यह है कि सीमेंट कंपनियों द्वारा आगे भी दाम बढ़ाने के संकेत दिए जा रहे हैं, जिससे हालात और गंभीर हो सकते हैं।
यह भी पढ़ें:http://Congress govt is burdening homeless people further: Jai Ram Thakur
नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के फैसले लगातार आम जनता के खिलाफ जा रहे हैं। उन्होंने याद दिलाया कि केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जीएसटी कम कर सीमेंट के दाम घटाने का फैसला लिया था, ताकि लोगों को राहत मिल सके, लेकिन हिमाचल सरकार ने एडिशनल गुड्स टैक्स लगाकर उस राहत को समाप्त कर दिया। उन्होंने कहा कि यह निर्णय पूरी तरह जनविरोधी है और विशेष रूप से उन परिवारों के साथ अन्याय है जिन्होंने प्राकृतिक आपदा में सब कुछ खो दिया है। जयराम ठाकुर ने यह भी कहा कि इससे पहले वर्ष 2023 की आपदा के दौरान डीजल पर वैट बढ़ाकर सरकार ने प्रदेशवासियों पर अतिरिक्त बोझ डाला था। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार को न तो आपदा पीड़ितों की पीड़ा का एहसास है और न ही उनके पुनर्वास को लेकर कोई गंभीरता दिखाई देती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा आपदा प्रभावितों के हितों की रक्षा के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करती रहेगी और सरकार के हर जनविरोधी फैसले का विरोध जारी रखेगी।





















