सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की और लाभार्थियों को समयबद्ध पेंशन तथा सहायता राशि प्रदान करने पर जोर दिया। उन्होंने इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना के तहत पांगी, लाहौल-स्पीति, डोडरा क्वार और कुपवी के जनजातीय क्षेत्रों में पात्र लाभार्थियों को बकाया निधि का शीघ्र भुगतान करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में अब तक 8,41,917 लोगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्रदान की जा रही है। इसमें 1,04,740 लोगों को राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन, 5,04,253 लोगों को राज्य वृद्धावस्था पेंशन, 25,414 को राष्ट्रीय विधवा पेंशन, 1,26,808 को विधवा व परित्यक्त महिला पेंशन, 1,340 को राष्ट्रीय दिव्यांग पेंशन और 78,291 को दिव्यांगता राहत भत्ता राशि दी जा रही है।
यह भी पढ़ें:https://sidhivinayaktimes.com/cm-chairs-ensurevenue-cases/
उन्होंने तीन वर्षों में 99,799 नए सामाजिक सुरक्षा पेंशन मामलों के स्वीकृत होने की जानकारी दी। वित्त वर्ष 2023-24 में 41,799, 2024-25 में 41,012 और 2025-26 में अब तक 16,988 मामले स्वीकृत किए गए हैं। इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री ने इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना के तहत 0 से 18 वर्ष के 20,735 लाभार्थियों और 18 से 27 वर्ष के 853 लाभार्थियों को सहायता राशि देने की जानकारी दी। सुख आश्रय योजना के तहत लाभार्थियों को 1,000 रुपये, 2,500 रुपये और 4,000 रुपये मासिक की दर से सहायता राशि जारी की जा रही है। मुख्यमंत्री ने नवीनतम सूचना प्रौद्योगिकी आधारित सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए ताकि नए पेंशनरों के चयन और पेंशन वितरण का कार्य समयबद्ध और पारदर्शी ढंग से हो सके। बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार रामसुभग सिंह, अतिरिक्त मुख्य सचिव श्याम भगत नेगी, सचिव राकेश कंवर, निदेशक महिला एवं बाल विकास डॉ. पंकज ललित और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।





















