नगर पंचायत शाहपुर के चुनाव परिणाम घोषित हो गए हैं, जिसमें कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए एकतरफा जीत दर्ज की है। कुल 7 वार्डों में से 5 वार्डों पर कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों ने जीत का परचम लहराकर अपना दबदबा साबित किया है। चुनाव परिणाम घोषित होने के तुरंत बाद सभी विजेता प्रत्याशी ‘रेत’ स्थित मुख्य कांग्रेस कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने स्थानीय विधायक केवल सिंह पठानिया से मुलाकात कर आशीर्वाद लिया। विधायक केवल सिंह पठानिया ने सभी नवनिर्वाचित पार्षदों का ढोल-नगाड़ों के साथ गर्मजोशी से स्वागत किया, उन्हें हार पहनाए और मुंह मीठा करवाकर बधाई दी। इस अवसर पर विधायक ने शाहपुर की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत विकास और जनता के विश्वास की जीत है, साथ ही उन्होंने सभी पार्षदों को पूरी निष्ठा के साथ जनता की सेवा करने का आह्वान किया।
शाहपुर नगर पंचायत के वार्ड अनुसार चुनाव परिणाम इस प्रकार रहे: वार्ड नंबर 1 से अभिषेक माथुर 21 वोटों से, वार्ड नंबर 2 से अनुपमा 41 वोटों से, और वार्ड नंबर 3 से बबिता शर्मा 75 वोटों से विजयी रहीं। इसी तरह वार्ड नंबर 4 से प्रीति परिहार ने 73 वोटों से, वार्ड नंबर 5 से राजीव पटियाल ने 201 वोटों से, वार्ड नंबर 6 से नितिन ने 52 वोटों से और वार्ड नंबर 7 से विजय गुलेरिया ने 137 वोटों से शानदार जीत दर्ज की है।



















