सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। कुल्लू, प्रिया शर्मा — क्षेत्र में मौसम की अनियमितता से उत्पन्न संकट को देखते हुए धार्मिक नगरी मणिकर्ण में रुद्राभिषेक यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन गौ सेवा रक्षा दल की ओर से बारिश और पर्वतीय क्षेत्रों में पर्याप्त बर्फबारी की कामना के साथ किया जा रहा है। संस्था के अनुसार प्राकृतिक संतुलन बिगड़ने से कृषि, बागवानी और जल स्रोतों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
इसी कारण भगवान शिव की विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की खुशहाली और प्राकृतिक संतुलन की प्रार्थना की जाएगी। गौ सेवा रक्षा दल के पदाधिकारियों ने बताया कि वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ संपन्न होने वाले इस रुद्राभिषेक यज्ञ में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। संस्था ने स्थानीय निवासियों और श्रद्धालुओं से आह्वान किया है कि वे इस धार्मिक अनुष्ठान में भाग लेकर समय पर वर्षा, बर्फबारी और क्षेत्र की समृद्धि के लिए सामूहिक प्रार्थना करें।





















