कांगड़ा: टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (TRAI) के क्षेत्रीय कार्यालय दिल्ली ने 30 दिसंबर 2025 को होटल सागर, मटौर (कांगड़ा) में उपभोक्ता शिकायत निवारण एवं साइबर हाइजीन विषय पर एक कंज्यूमर आउटरीच कार्यक्रम का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में 100 से अधिक लोगों ने सक्रिय भागीदारी निभाई, जिनमें आम उपभोक्ता, TRAI में पंजीकृत उपभोक्ता संगठनों के सदस्य, विभिन्न टेलीकॉम सेवा प्रदाताओं के प्रतिनिधि और स्थानीय आंगनवाड़ी कार्यकर्ता शामिल थे।
कार्यक्रम के दौरान TRAI के जॉइंट एडवाइजर श्री राजेश त्रिपाठी, सीनियर रिसर्च ऑफिसर श्री सुशील कुमार बंसल तथा श्री सुरेश के.वी. ने उपभोक्ता शिकायत निवारण व्यवस्था और साइबर सुरक्षा से जुड़े अहम मुद्दों पर विस्तार से जानकारी साझा की। वहीं एयरटेल, बीएसएनएल, जियो और वोडाफोन आइडिया के प्रतिनिधियों ने साइबर धोखाधड़ी से बचाव के उपायों और उपभोक्ताओं के अधिकारों पर अपने विचार रखे।
साइबर धोखाधड़ी से सुरक्षा और DND 3.0 ऐप पर फोकस
सत्र के दौरान साइबर फ्रॉड को रोकने के लिए अपनाए जाने वाले सरल और प्रभावी तरीकों पर विशेष जोर दिया गया। इसके साथ ही प्रतिभागियों को TRAI DND 3.0 ऐप की जानकारी दी गई, जिसकी मदद से अनचाहे व्यावसायिक कॉल और संदेशों के खिलाफ शिकायत दर्ज की जा सकती है। कार्यक्रम के दौरान कई प्रतिभागियों ने मौके पर ही DND 3.0 ऐप डाउनलोड कर डिजिटल सुरक्षा के प्रति अपनी जागरूकता और जिम्मेदारी का परिचय दिया।





















