सिधिविनायक टाइम्स शिमला। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कोटखाई उपमंडल की ग्राम पंचायत थरोला में 1.45 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित उठाऊ पेयजल योजना का उद्घाटन किया। इस योजना से थरोला, धलोना, बलोग और चाड़का गांवों के लोगों को नियमित और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध होगा तथा गर्मियों में पानी की किल्लत से राहत मिलेगी। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि बदलते मौसम के कारण पेयजल एक बड़ी चुनौती बनता जा रहा है, जिसे ध्यान में रखते हुए पब्बर नदी से 38 करोड़ रुपये की लागत से एक बड़ी उठाऊ पेयजल योजना का निर्माण किया जा रहा है, जो इस वित्तीय वर्ष के अंत तक पूरी होगी और जुब्बल-कोटखाई क्षेत्र की 27 पंचायतों को लाभ पहुंचाएगी।कार्यक्रम के दौरान उन्होंने लगभग 23 लाख रुपये से निर्मित पौध संरक्षण केंद्र का भी उद्घाटन किया, जहां सेब सहित अन्य फलदार पौधों के संरक्षण और संवर्धन के लिए आवश्यक दवाइयां और पोषक तत्व उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके साथ ही उन्होंने 1.75 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के भवन का निरीक्षण किया और बताया कि शीघ्र ही इसे जनता को समर्पित किया जाएगा।
यह भी पढ़े:-https://sidhivinayaktimes.com/anuradha-rana-inaugurateswater-storagekeylongboosting-water-supply/
शिक्षा मंत्री ने क्षेत्र में चल रहे सड़क और पुल निर्माण कार्यों की जानकारी दी
शिक्षा मंत्री ने क्षेत्र में चल रहे सड़क और पुल निर्माण कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि थरोला पंचायत में सड़कों के उन्नयन, संपर्क मार्गों और पुलों के निर्माण पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने लोहट पुल के निर्माण कार्य को जल्द पूरा करने के निर्देश भी दिए। रोहित ठाकुर ने शिक्षा और न्याय व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में कोटखाई में केंद्रीय विद्यालय और सब जज कोर्ट की स्वीकृति को क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि सड़कों का विकास प्रदेश की प्राथमिकता है और पिछले तीन वर्षों में बड़ी संख्या में सड़कों को स्वीकृति दी गई है। अंत में उन्होंने थरोला में हाई मास लाइट स्थापित करने के लिए 4 लाख रुपये देने की घोषणा भी की। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, कांग्रेस कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
NEWS से जुड़े लेटेस्ट अपडेट्स के लिए SidhiVinayaktimes पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।




















