धर्मशाला।
भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर निशाना साधते हुए कई गंभीर आरोप लगाए हैं। धर्मशाला में चुनाव प्रचार समाप्त होने के बाद सोमवार देर शाम मीडिया से रूबरू होते हुए डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि बीते 18 महीने में कांग्रेस सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। उन्होंने कहा कि जनता कांग्रेस को सबक सिखाने का मन बना चुकी है। हिमाचल में हो रहे तीनों उपचुनाव के 13 जुलाई को नतीजे घोषित होने के साथ ही कांग्रेस के भीतर विस्फोट होगा। पहले तो मित्रों की मंडली हीथी अब धर्मपत्नी भी आ गई। इससे कांग्रेस के भीतर आक्रोश बढा है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने उन विधायकों को प्रताड़ित करने का काम किया, जिन्होंने जनहित के मुद्दे उठाए. डेढ़ साल में ही 30 हजार करोड़ का कर्ज लेने के बाद भी राज्य में विकास नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आने के बाद सिर्फ और सिर्फ संस्थान बंद करने का काम किया। इसके अलावा राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है।
उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में माफिया अपने पैर पसार रहा है और सरकार हाथ पर हाथ धरे सब कुछ देख रही है। कांग्रेस पार्टी बुरी तरह से बैकफुट पर है। इसी वजह से सरकारी तंत्र का दुरुपयोग किया जा रहा है। आज चुनाव में सरकारी अधिकारी आगे हैं और कांग्रेस के कार्यकर्ता पीछे हैं। प्रदेश के सरकारी कर्मचारी और अधिकारियों को ट्रांसफर के नाम पर डराया-धमकाया जा रहा है। स्थानीय दुकानदारों और छोटे व्यापारियों में भी डर का माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है।