सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। कुल्लू। उपायुक्त तोरुल एस. रवीश की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी, उप पुलिस अधीक्षक, सहायक आयुक्त, अधिशाषी अभियंता, शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी तथा एनएचएआई और अन्य सदस्य उपस्थित रहे उपायुक्त ने निर्देश दिए कि ब्लैक स्पॉट्स और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में चरणबद्ध सुधार किए जाएं, जिनमें आवश्यक साइन बोर्ड, ट्रैफिक लाइट्स, कन्वैक्स मिरर, सीसीटीवी कैमरे और स्पीड कंट्रोल उपाय शामिल हैं। उन्होंने अंधे मोड़, अवैध अतिक्रमण और अनधिकृत पार्किंग जैसी समस्याओं को दूर करने तथा लावारिश पशुओं के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए नगर परिषद और ग्राम पंचायतों के साथ समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया।
यह भी पढ़ें:https://sidhivinayaktimes.com/kullu-police-cracks-down-on-drug-traffickers-seized-65kg-charas/
बैठक में सड़क सुरक्षा के प्रति आमजन की जागरूकता बढ़ाने के लिए व्यापक अभियान चलाने, नाइट विज़न कैमरों की स्थापना, ड्रिंक एंड ड्राइव के मामलों में सख्त कार्रवाई और स्कूलों-महाविद्यालयों में रोड सेफ्टी क्लबों के माध्यम से युवाओं को शिक्षित करने पर भी जोर दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन, पुलिस, परिवहन विभाग और स्थानीय निकायों के संयुक्त प्रयास से ही सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है और सुरक्षित यातायात सुनिश्चित किया जा सकता है।
कुल्लू से प्रिया शर्मा की रिपोर्ट।





















