सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। धर्मशाला, शशि भूषण — कांगड़ा जिले में बढ़ते मौसमीय जोखिम को देखते हुए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने बड़ा फैसला लिया है। उपायुक्त हेमराज बैरवा ने 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले सभी ट्रैकिंग रूट्स पर पूर्ण रूप से रोक लगाने के आदेश जारी किए हैं। आदेशों के तहत करेरी, त्रिउंड और आदि हिमानी चामुंडा जैसे लोकप्रिय ट्रैकिंग मार्गों पर जाने के लिए अब पुलिस अधीक्षक कांगड़ा कार्यालय से पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होगा। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि यदि आईएमडी शिमला द्वारा किसी भी प्रकार का मौसम अलर्ट या चेतावनी जारी की जाती है, तो इन मार्गों के लिए दी गई सभी पूर्व अनुमतियां स्वतः रद्द मानी जाएंगी।
यह भी पढ़ें:https://sidhivinayaktimes.com/food-van-handed-over-to-bhuntars-dev-rishi-cluster-federation-dc-torul-s/
प्रशासन ने यह भी कहा है कि यह प्रतिबंध ट्रैकर्स की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लगाया गया है। हालांकि राहत एवं बचाव कार्यों से जुड़ी एजेंसियों जैसे एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पर्वतारोहण संस्थान मैक्लोडगंज तथा पुलिस के सर्च एंड रेस्क्यू दलों को इन आदेशों से छूट दी गई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और मौसम की स्थिति को देखते हुए ट्रैकिंग से परहेज करें।





















