सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला ने कांगड़ा एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी। बांग्लादेश की मौजूदा स्थिति पर राज्यपाल ने कहा कि भारत सरकार पूरे घटनाक्रम पर गंभीरता से नजर बनाए हुए है और विदेश मंत्री स्वयं हालात की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से सरकार के रुख पर भरोसा रखने की अपील की। SIR प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों पर राज्यपाल ने स्पष्ट किया कि चुनाव आयोग एक संवैधानिक संस्था है और यह प्रक्रिया पहले भी कई बार लागू की जा चुकी है, साथ ही आपत्तियां दर्ज कराने के लिए पर्याप्त समय दिया गया है।
जेएनयू में प्रधानमंत्री के खिलाफ लगे नारों पर उन्होंने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि वहां कुछ राष्ट्रविरोधी तत्व सक्रिय हैं, जिनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं दिल्ली में पुलिस पर पत्थरबाजी की घटना पर टिप्पणी करने से उन्होंने इनकार किया। धर्मशाला कॉलेज की छात्रा से जुड़े कथित रैगिंग और यौन उत्पीड़न मामले पर राज्यपाल ने कहा कि मीडिया और जांच एजेंसियां जिम्मेदारी से काम कर रही हैं और जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं है।
धर्मशाला से शशि भूषण की रिपोर्ट।





















