सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने भाजयुमो सम्मेलन को संबोधित करते हुए कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों में कांग्रेस सरकार ने युवाओं के साथ छल किया और उन्हें अपमानित किया, जबकि चुनाव से पहले युवाओं को नौकरी और रोजगार के बड़े वादे किए गए थे। डॉ. बिंदल ने बताया कि कांग्रेस ने पहली कैबिनेट में एक लाख सरकारी नौकरियों और पांच लाख रोजगार देने का दावा किया था, लेकिन तीन साल बीत जाने के बावजूद एक भी पक्की सरकारी नौकरी युवाओं को नहीं मिली। उन्होंने आरोप लगाया कि बेरोजगार युवाओं की भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया गया, और सरकारी योजनाओं के माध्यम से केवल भाई-भतीजावाद को बढ़ावा मिला।
यह भी पढ़ें: https://sidhivinayaktimes.com/prof-renu-vig-wishes-pu-family-a-happy-and-prosperous-new-year/
डॉ. बिंदल ने कहा कि युवा 8–10 हजार रुपये की औद्योगिक नौकरी के लिए भी संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन कांग्रेस सरकार की लापरवाही के कारण उनकी उम्मीदें टूट गई हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि युवा आक्रोशित हैं और आने वाले समय में सरकार के खिलाफ आंदोलन कर सकते हैं। सम्मेलन में भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सन्नी शुक्ला, सांसद सुरेश कश्यप और पूर्व मंत्री सुखराम चौधरी सहित अन्य नेता भी उपस्थित रहे।





















