सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। पंजाब भाजपा के प्रदेश प्रेस सचिव हरदेव सिंह उभा ने कांग्रेस की वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री राजिंदर कौर भट्ठल द्वारा किए गए ताजा आरोपों को बेहद गंभीर करार दिया है। उन्होंने कहा कि भट्ठल के बयान जिसमें उन्होंने दावा किया कि उन्हें “लाशों के सिर पर सरकार बनाने” तथा “ट्रेनों में बम धमाके करवाने” जैसी योजनाओं का प्रस्ताव दिया गया, कांग्रेस पार्टी के राजनीतिक चरित्र की भयावहता और अमानवीय सोच को उजागर करते हैं। उभा ने कहा कि यह केवल राजनीतिक बयानबाजी नहीं, बल्कि देश की सुरक्षा, लोकतंत्र और आम जनता की जान के साथ खिलवाड़ करने वाली बात है।
यह भी पढ़ें:https://sidhivinayaktimes.com/plp-underlinerore-loan-target-in-hamirpur-for-agricult
उन्होंने पंजाब सरकार से इस मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि यदि किसी अधिकारी या राजनीतिक व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उभा ने कांग्रेस हाईकमान से भी सवाल उठाए कि क्या पार्टी इन आरोपों की गंभीरता को समझती है और क्या वह आरोपों में नाम आने वाले नेताओं या अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा इस मामले में पूरी पारदर्शिता की मांग करती है और राजिंदर कौर भट्ठल से अनुरोध किया कि वे आरोपों के बारे में पूरी जानकारी और नाम सार्वजनिक करें, ताकि सच सामने आ सके। उभा ने चेतावनी दी कि देश की राजनीति को हिंसा और आतंक की दिशा में ले जाने वाले तत्वों को जनता कभी माफ नहीं करेगी।





















