सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। मंडी जिला के सुंदरनगर उपमंडल की तहसील निहरी में 28 जनवरी को “सरकार गांव के द्वार” कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम राजकीय महाविद्यालय के प्रांगण में आयोजित होगा और लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह इसकी अध्यक्षता करेंगे। इस कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने उपायुक्त कार्यालय के वीसी रूम में बैठक की अध्यक्षता की और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उपायुक्त ने बताया कि इस दौरान निहरी, घड़ोई, मराहड़ा, बजीहन, जरल और बंदली पंचायतों के लोगों की जनसमस्याएं सुनी जाएंगी और जहां संभव हो, उनका समाधान मौके पर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी विभाग अपनी-अपनी योजनाओं की प्रदर्शनी कार्यक्रम स्थल पर लगाएं ताकि आम जनता को प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी मिल सके और वे लाभ प्राप्त कर सकें।
यह भी पढ़ें:https://sidhivinayaktimes.com/proposed-public-rally-in-sulah-meeting-on-security-and-arrangements/
कार्यक्रम में स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया जाएगा, साथ ही सामाजिक सुरक्षा पेंशन से संबंधित फार्म भरने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। विभिन्न प्रकार के प्रमाण पत्र भी मौके पर बनाए जाएंगे और जनता की सुविधा के लिए अस्थायी आरएलए काउंटर भी स्थापित किया जाएगा। उपायुक्त ने संबंधित पंचायतों के लोगों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में भाग लें और अपनी समस्याओं का समाधान घर-द्वार पर प्राप्त करें। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त गुरसिमर सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु वर्मा, जिला विकास अधिकारी, ग्रामीण विकास अधिकारी जी.सी. पाठक और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि एसडीएम सुंदरनगर वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे।





















