शिमला।
देश में महज़ अब दो चरणों के चुनाव होना बाकी है। हिमाचल में सातवें और आखिरी चरण में चुनाव है, ऐसे में हिमाचल में भी इंडिया गठबंधन सक्रियता से भाजपा पर हमला बोल रहा है। बुधवार को शिमला में इंडिया गठबंधन ने संयुक्त प्रेस वार्ता में भाजपा और NDA पर निशाना साधते हुए भाजपा और NDA पर देश में सांप्रदायिक ध्रुवीकरण करने और जनता से किए वायदों को पूरा न करने का आरोप लगाया है। इस दौरान इंडिया गठबंधन के नेताओं ने कहा कि पांच चरणों के चुनाव में परिवर्तन की लहर दिखाई दी है और इंडिया गठबन्धन देश में सरकार बनाने जा रहा है।
प्रदेश सरकार में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि संविधान और धर्मनिरपेक्षता में भरोसा रखने वाले प्रगतिशील दल भाजपा के खिलाफ लामबंद हुए हैं। अब तक के चुनावी चरणों में इंडिया गठबंधन को निर्णायक बढ़त हासिल हुई है। केंद्र की भाजपा सरकार ने किसानों की आय दुगनी करने का वादा किया, लेकिन पूरा नहीं किया। इसके अलावा केंद्र ने MIS के तहत 1500 करोड़ के बजट प्रावधान को समाप्त करके बागवानों पर कुठाराघात किया है। हिमाचल के परिपेक्ष में देखें तो वर्तमान सुक्खू सरकार ने प्रदेश में विकट वित्तीय स्थिति के बावजूद बेहतर काम किया है। सरकार ने बागवानों के लंबित वित्तीय देनदारियां का भुगतान किया है। इसके अलावा लंबे समय से चल रही यूनिवर्सल कार्टन की मांग को पूरा किया। केंद्र की भाजपा सरकार ने एप्पल इंपोर्ट ड्यूटी को बढ़ाने के बजाय घटा कर 50 फीसदी कर दी और लगभग 44 देशों से सेब देश में आयात हो रहा है जिसका सीधा नुकसान प्रदेश के बागवानों को हो रहा है।
इस दौरान CPIM नेता और पूर्व विधायक राकेश सिंघा ने कहा कि जनसंघ के जमाने से भाजपा ने स्टेटहुड का विरोध किया था और आज भी केंद्र की भाजपा सरकार और हिमाचल प्रदेश के बीच समन्वय नहीं दिखता है। केंद्र सरकार ने हिमाचल के स्रोतों पर ग्रहण लगाने का काम किया है। सिंघा ने कहा कि पांचवे चरण के मतदान के बाद देश में परिवर्तन की हवा बन गई है। जहां-जहां भाजपा ने प्रदेश सरकारों को अस्थिर करने का काम किया, वहां मतदाता भाजपा को जवाब दे रहे हैं हिमाचल में भी नतीजे भाजपा के पक्ष में नहीं आएंगे।
इस मौक़े पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुलदीप सिंह राठौर ने केंद्र की भाजपा सरकार पर जनता से वादा खिलाफी का आरोप लगाया और कहा कि पिछले चुनाव में “बहुत हुई महंगाई की मार” का नारा बीजेपी ने दिया, लेकिन देश में महंगाई बढ़ती चली गई। पीएम मोदी ने 2 करोड़ रोजगार प्रतिवर्ष देने का वायदा किया जिसके मुताबिक 20 करोड़ रोजगार बनते थे लेकिन देश में बेरोजगारी बढ़ती जा रही है। इलेक्ट्रोल बॉन्ड आजाद भारत का सबसे बड़ा घोटाला हुआ है। भाजपा का दिल्ली दफ्तर किसी 5 स्टार होटल से कम नहीं है इसका पैसा कहां से आया ? राठौर ने कहा कि भाजपा और एनडीए देश में सांप्रदायिक ध्रुवीकरण का माहौल बना रहे हैं।