हमीरपुर।
हिमाचल प्रदेश में तीन सीटों पर उपचुनाव के चलते राजनीतिक पार्टियों ने एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगना शुरू कर दिए हैं। इसी कड़ी के तहत हमीरपुर में धर्मशाला के नवनिर्वाचित विधायक सुधीर शर्मा ने मुख्यमंत्री के दिए बयानों पर पत्रकार वार्ता के दौरान पलटवार किया है। सुधीर शर्मा ने कहा कि लोकसभा चुनाव में अनुराग सिंह ठाकुर को नादौन विधानसभा क्षेत्र से लीड प्राप्त हुई है, जिस कारण मुख्यमंत्री का नादौन में जनाधार कम हो रहा है। इसलिए मुख्यमंत्री देहरा की ओर खिसक रहे हैं। मुख्यमंत्री को अपनी धर्मपत्नी को राजनीति में लाना था तो हमीरपुर से ही उपचुनाव में उतार देते हैं। मुख्यमंत्री अपनी राजनीतिक विरासत को देहरा की ओर ले जा रहे हैं। यह पार्टी हित में नहीं है, जब कोई कार्यकर्ता टिकट की मांग करें तो हाईकमान के दबाव का हवाला देकर कार्यकर्ताओं को चुप करवा देते हैं।
सुधीर शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू शुरू से ही हीनभावना के शिकार रहे हैं, जिसके चलते पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह के साथ हमेशा से ही उनका तकरार रहा था। अपने कद को कैसे बड़ा किया जाए इस तरह की राजनीति मुख्यमंत्री ने आज तक की है।जिस चलते मुख्यमंत्री हमीरपुर जिला से खिसककर कांगड़ा जिला की ओर गए हैं।
विधायक सुधीर शर्मा ने कहा कि देहरा से कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी रहे डॉ राजेश शर्मा पर मुख्यमंत्री ने अपना साथ देने के लिए दबाव बनाया है। दो दिन पहले डॉ राजेश शर्मा ने अपना बयान दिया था कि मेरी मौत के जिम्मेदार मुख्यमंत्री होंगे, लेकिन बीते दिन डॉ राजेश शर्मा पर मुख्यमंत्री ने दबाव बनाया और उनके कारोबार पर दबिश दिलाई। डॉ राजेश शर्मा के एक या दो कारोबार को मुख्यमंत्री द्वारा बंद भी करवाया गया है। इस तरह का भय का माहौल प्रदेश के अंदर बन रहा है।