सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। भाजपा सांसद कंगना रनौत ने कहा कि वर्ष 2026 की शुरुआत मंडी लोकसभा क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक और शुभ निर्णय के साथ हुई है। केंद्र की मोदी सरकार ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY-IV) बैच-I (2025-26) के तहत मंडी संसदीय क्षेत्र में 1240.53 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से 142 सड़क कार्यों को मंजूरी दी है। इन परियोजनाओं की कुल लंबाई 846.32 किलोमीटर है और इसके माध्यम से 209 ग्रामीण बसावटों को सीधी सड़क संपर्कता मिलेगी। सांसद कंगना रनौत ने बताया कि केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 20 जनवरी 2026 को उन्हें औपचारिक पत्र जारी कर इस स्वीकृति की जानकारी दी। कंगना रनौत ने कहा कि मंडी क्षेत्र पिछले वर्षों में बाढ़ और भारी वर्षा जैसी प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित रहा है, जिससे कई संपर्क मार्ग क्षतिग्रस्त हुए। ऐसे में केंद्र सरकार द्वारा इस बड़ी राशि की स्वीकृति जनहित और संवेदनशीलता का स्पष्ट संकेत है। उन्होंने बताया कि इन सड़क परियोजनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि उत्पादों की ढुलाई, स्वास्थ्य एवं शिक्षा तक पहुंच, आपदा के समय राहत एवं बचाव, पर्यटन विकास और स्थानीय रोजगार के अवसरों में सुधार होगा।
ऑल-वेदर कनेक्टिविटी से दूरदराज और दुर्गम क्षेत्रों के लोगों की जीवन-यात्रा और रोजमर्रा की जरूरतें आसान होंगी।सांसद ने कहा कि केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पत्र में इन परियोजनाओं के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निर्माण पर विशेष जोर दिया है, ताकि जनता को दीर्घकालिक लाभ मिल सके। उन्होंने राज्य सरकार के साथ समन्वय कर सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया कि सड़क कार्य समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्ता पूर्ण तरीके से पूरे हों। कंगना रनौत ने मंडी की जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय ग्रामीण भारत को सशक्त करने और आपदा प्रभावित क्षेत्रों को पुनः मजबूत बनाने की मोदी सरकार की दूरदर्शी नीति का प्रमाण है।





















