सिधिविनायक टाइम्स शिमला। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं विधायक सुधीर शर्मा ने हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर कार्निवल आयोजनों की आड़ में जबरन वसूली कराने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कांगड़ा वैली कार्निवल के नाम पर पेट्रोल पंप संचालकों, गैस एजेंसियों, राइस व फ्लोर मिलर्स, ईंट भट्ठा मालिकों और अन्य लाइसेंसधारकों से सरकारी पत्रों के माध्यम से आर्थिक सहयोग मांगा जाना प्रशासनिक शक्ति का दुरुपयोग है। सुधीर शर्मा का आरोप है कि यह सहयोग स्वैच्छिक नहीं बल्कि दबाव और भय के माहौल में लिया जा रहा है।
उन्होंने सवाल उठाया कि यदि सरकार सांस्कृतिक आयोजन करना चाहती है तो उसके लिए बजट का प्रावधान क्यों नहीं किया गया। साथ ही उन्होंने सरकारी पत्र में “कार्निवल” शब्द की गलत स्पेलिंग को प्रशासनिक लापरवाही का उदाहरण बताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। भाजपा नेता ने कहा कि पार्टी इस मुद्दे को लेकर सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी।





















