सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। कुल्लू जिले के कसोल–छलाल क्षेत्र में मिले एक युवक के शव के मामले में पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझा ली है। कुल्लू पुलिस ने ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक मदन लाल कोशल ने प्रेस वार्ता के दौरान जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 23 जनवरी को पुलिस को कसोल–छलाल मार्ग के समीप एक युवक का शव पड़े होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान रेशम परसाई निवासी नेपाल के रूप में हुई।
यह भी पढ़ें:https://sidhivinayaktimes.com/sood-sabha-chandigarh-celebrates-republicvandan/
शुरुआती जांच में मामला सामान्य मृत्यु का प्रतीत हुआ, लेकिन शव की बारीकी से जांच करने पर शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए, जिससे हत्या की आशंका पुख्ता हो गई। मृतक के भाई विक्रम की शिकायत पर मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम नेरचौक (मंडी) में करवाया गया। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, स्थानीय जानकारी और पूछताछ के आधार पर आरोपी हिमाल सागर निवासी नेपाल को चिन्हित किया। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि 22 जनवरी की शाम मृतक के साथ हुए विवाद के दौरान उसने पत्थर और कांच की बोतल से हमला किया, जिससे रेशम की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी ने शव पर पत्थर रखकर उसे छिपाने की कोशिश की और फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 103 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है और आगे की जांच जारी है।





















