सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। धर्मशाला में आयोजित कांगड़ा वैली कार्निवाल को लेकर शाहपुर के विधायक एवं हिमाचल प्रदेश विधानसभा के उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि यह आयोजन मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के दूरदर्शी नेतृत्व और स्पष्ट विजन का प्रत्यक्ष उदाहरण है। उन्होंने बताया कि कार्निवाल केवल एक उत्सव नहीं है, बल्कि यह सामाजिक जागरूकता, सांस्कृतिक संरक्षण, पर्यटन संवर्धन और युवाओं की सकारात्मक भागीदारी को बढ़ावा देने का एक सशक्त मंच है। इस वर्ष का कार्निवाल 24 से 31 दिसंबर तक आयोजित हुआ, जिसमें शोभायात्रा, रन फॉर फन मैराथन, खेल प्रतियोगिताएं, साहित्य उत्सव, सांस्कृतिक संध्याएं और ग्रैंड ड्रोन शो जैसे आकर्षक कार्यक्रम शामिल थे।
केवल सिंह पठानिया ने कहा कि कार्निवाल के माध्यम से “चिट्टा मुक्त हिमाचल” का संदेश भी व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाया गया। उन्होंने यह भी कहा कि कांगड़ा वैली कार्निवाल ने कांगड़ा को एक प्रमुख सांस्कृतिक और पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करने में मदद की है और स्थानीय युवाओं को नई दिशा तथा अवसर प्रदान किए हैं। उनका मानना है कि यह आयोजन राज्य की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए एक स्थायी मंच बनकर उभरा है।





















