सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। मंडी जिले के सुंदरनगर में नशे के खिलाफ एक अनोखी पहल देखने को मिली, जहां क्रिकेट के मैदान ने युवाओं को सकारात्मक संदेश देने का माध्यम बनाया। हिमाचल सेलिब्रिटी क्रिकेट लीग के तहत एमएलएसएम खेल मैदान में आयोजित इस एक दिवसीय प्रतियोगिता का आयोजन फिट एंड फायर फाउंडेशन ने किया। प्रतियोगिता में छह टीमों ने भाग लिया, जिसमें प्रदेश के प्रसिद्ध सेलिब्रिटी, सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर और युवा खिलाड़ी शामिल थे। इस मौके पर भजन गायक हंसराज रघुवंशी भी सेलिब्रिटी टीम के साथ मैदान में उतरे और अपनी गेंदबाजी के दमदार प्रदर्शन से दर्शकों का मन मोह लिया। हंसराज ने युवाओं से अपील की कि वे नशे से दूर रहें और खेलकूद जैसी रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेकर अपने जीवन को सकारात्मक दिशा दें।
यह भी पढ़ें:https://sidhivinayaktimes.com/ttempt-to-muzzle-press-action-against-punjab-kesari-shameful/
उन्होंने अपने कॉलेज जीवन की यादें साझा करते हुए कहा कि यही मैदान उनके लिए गर्व और सौभाग्य की बात है।कार्यक्रम में डीआईजी नॉर्थ रेंज धर्मशाला सौम्या सांबशिवन मुख्यातिथि के रूप में मौजूद रहीं। उन्होंने कहा कि सेलिब्रिटीज़ और इनफ्लुएंसर का समाज पर गहरा प्रभाव होता है, और जब वे नशे के खिलाफ आवाज़ उठाते हैं, तो समाज में जागरूकता फैलती है। सुंदरनगर का यह क्रिकेट मैदान यह संदेश देने में सफल रहा कि नशे से लड़ाई में खेल, प्रेरणा और सही दिशा सबसे मजबूत हथियार हैं, और युवाओं को सकारात्मक विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं।





















