हमीरपुर जिला प्रशासन ने ग्राम पंचायत और नगर निकाय चुनावों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए अपनी कमर कस ली है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त हमीरपुर गंधर्वा राठौर ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि जिले के छह विकास खंडों की कुल 242 ग्राम पंचायतों, 119 पंचायत समिति वार्डों और 19 जिला परिषद वार्डों के लिए चुनाव तीन चरणों में आयोजित किए जाएंगे। मतदान की प्रक्रिया सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक चलेगी और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए मतदान खत्म होने के तुरंत बाद उसी दिन चुनाव के नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे। प्रशासन आगामी 7 मई को पोलिंग स्टेशनों की सूची जारी करेगा, जबकि मतदान की तारीखें 26, 28 और 30 मई निर्धारित की गई हैं।
आदर्श आचार संहिता के बारे में स्पष्ट करते हुए उपायुक्त ने बताया कि हमीरपुर नगर निगम, नादौन व बड़सर नगर परिषद और भोरंज नगर पंचायत में चुनाव न होने के कारण वहां आचार संहिता लागू नहीं की गई है, जबकि सुजानपुर नगर परिषद, भोटा नगर पंचायत और चुनाव वाली सभी पंचायतों में आचार संहिता प्रभावी रहेगी। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एसपी बलवीर सिंह ने कहा कि पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद है और चुनावों को प्रभावित करने वाली किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है ताकि मतदाता निडर होकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।


















