हमीरपुर। राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) द्वारा 3 मई को आयोजित की जा रही नीट (UG)-2026 परीक्षा के सफल संचालन के लिए हमीरपुर जिला प्रशासन ने सभी पुख्ता इंतजाम कर लिए हैं। जिला प्रशासन और पुलिस विभाग की ओर से इस महत्वपूर्ण परीक्षा को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं ताकि परीक्षार्थियों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। इसी सिलसिले में एसपी हमीरपुर बलवीर सिंह ठाकुर और सहायक आयुक्त चिराग शर्मा की अध्यक्षता में एक विशेष बैठक आयोजित की गई, जिसमें सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन पर विस्तार से चर्चा की गई।
एसपी बलवीर सिंह ठाकुर ने जानकारी दी कि जिले में कुल पांच परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं जहाँ बड़ी संख्या में छात्र परीक्षा देंगे। परीक्षा के दिन शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस विभाग को विशेष निर्देश जारी किए गए हैं ताकि परीक्षार्थी बिना किसी बाधा के समय पर अपने केंद्रों तक पहुंच सकें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े पहरे रहेंगे और शांतिपूर्ण ढंग से परीक्षा संपन्न कराने के लिए जिला पुलिस पूरी तरह सतर्क है। सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के लिए कहा गया है ताकि एनटीए के नियमों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित हो सके।
















