सिधिविनायक टाइम्स: शिमला। देहरा विधानसभा क्षेत्र में विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से आज विधायक कमलेश ठाकुर ने दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं संयुक्त कार्यालय भवन तथा परिधि गृह के निर्माण कार्य का विधिवत भूमि पूजन कर शुभारंभ किया। संयुक्त कार्यालय भवन पर लगभग 98.72 करोड़ रुपये और परिधि गृह के निर्माण पर 28.27 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इन दोनों परियोजनाओं पर कुल 127 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे।भूमि पूजन समारोह में स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस दौरान जनता को संबोधित करते हुए विधायक कमलेश ठाकुर ने कहा कि देहरा का सर्वांगीण विकास उनकी शीर्ष प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि संयुक्त कार्यालय भवन तैयार होने पर विभिन्न विभाग एक ही परिसर में संचालित होंगे, जिससे आम लोगों को एक ही स्थान पर तेज, सरल और समन्वित सेवाएं उपलब्ध होंगी। इससे प्रशासनिक कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और कार्यकुशलता में भी सुधार आएगा।
यह भी पढ़े:-https://sidhivinayaktimes.com/auditions-for-kangra-valley-carnival-artistes-in-dharma-shdrda-office/
परिधि गृह के संबंध में उन्होंने बताया कि इसमें 35 आधुनिक कमरे , जिम, क्लब, कम्युनिटी हॉल और पार्किंग सहित कई अत्याधुनिक सुविधाएँ उपलब्ध करवाई जाएंगी। उन्होंने यह भी कहा कि यदि उपयुक्त भूमि उपलब्ध होती है तो देहरा में बच्चों के लिए **स्विमिंग पूल** विकसित करने पर भी विचार किया जाएगा। विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाएं और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता ने विकास की उम्मीद के साथ उन्हें चुना है और उनका उद्देश्य प्रत्येक घोषणा को धरातल पर उतारना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अगले चुनाव से पहले देहरा में चल रहे सभी प्रमुख विकास कार्य पूर्ण कर जनता को समर्पित कर दिए जाएंगे। समारोह के दौरान देहरा पहुंचने पर स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने विधायक का गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने जनता के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनसमर्थन के कारण ही देहरा तेजी से विकास की ओर अग्रसर है।





















