शिमला, 30 अप्रैल 2026: राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने आज वर्चुअल माध्यम से चौधरी सरवण कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय, पालमपुर के 17वें दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए युवा वैज्ञानिकों से अनुसंधान के माध्यम से किसान कल्याण के लिए कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने वैज्ञानिकों से आग्रह किया कि वे अपनी शोध उपलब्धियों का उपयोग किसानों की आर्थिकी को मजबूत करने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए करें। राज्यपाल ने डिग्री प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों और स्वर्ण पदक विजेताओं को बधाई देते हुए इसे उनके जीवन का एक गौरवशाली पड़ाव बताया और उन्हें राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने हिमाचल की 90 प्रतिशत ग्रामीण आबादी की कृषि पर निर्भरता का उल्लेख करते हुए कृषि उत्पादकता बढ़ाने और वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने की आवश्यकता पर विशेष बल दिया।



















