सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। कांगड़ा के सांसद और भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने भारत और यूरोपीय संघ (EU) के बीच मुक्त व्यापार समझौते (FTA) के सफल निष्कर्ष पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी और इसे भारत की अर्थव्यवस्था के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि करार दिया। उन्होंने इस समझौते को “मदर ऑफ ऑल डील्स” बताते हुए कहा कि यह वैश्विक स्तर पर भारत की आर्थिक स्थिति को मजबूत करेगा और भारत@2047 के विकसित भारत के लक्ष्य को गति देगा। कश्यप ने कहा कि 24 ट्रिलियन डॉलर के संयुक्त बाजार वाले इस समझौते से भारत को यूरोपीय बाजारों में 99 प्रतिशत से अधिक निर्यात वस्तुओं पर पहुंच मिलेगी, जिससे खासकर कपड़ा, चमड़ा, फुटवियर, चाय, मसाले, खेल सामग्री, खिलौने, रत्न एवं आभूषण और समुद्री उत्पाद जैसे श्रम-प्रधान क्षेत्रों में प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी और रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
यह भी पढ़ें: https://sidhivinayaktimes.com/republic-day-celebrated-at-panjab-university-campus-with-patriotic-spirit/
उन्होंने कहा कि MSMEs के लिए भी यह अवसर प्रदान करेगा, जिससे वे यूरोपीय वैल्यू चेन में शामिल होकर निवेश और व्यापार बढ़ा सकेंगे, वहीं कृषि और खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में भी किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी। सुरेश कश्यप ने यह भी कहा कि यह समझौता केवल आर्थिक दृष्टि से नहीं, बल्कि रणनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है और भारत-यूरोप संबंधों को एक नए आयाम पर ले जाएगा। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और केंद्र सरकार की सक्रिय कूटनीति को इस उपलब्धि का आधार बताया और आशा व्यक्त की कि यह समझौता भारत को वैश्विक व्यापार का प्रमुख केंद्र बनाने में सहायक होगा।


















