धर्मशाला। पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने धर्मशाला नगर निगम चुनाव के प्रचार अभियान को धार देते हुए वर्तमान कांग्रेस सरकार पर तीखे हमले किए हैं। एक जनसभा को संबोधित करते हुए ठाकुर ने आरोप लगाया कि धर्मशाला की जनता ने जैसे ही भाजपा के विधायक को चुना, प्रदेश सरकार ने बदले की राजनीति शुरू कर दी और यहाँ चल रहे विकास कार्यों पर अघोषित रोक लगा दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार केवल उन क्षेत्रों को प्राथमिकता दे रही है जहाँ उनके अपने हित सध रहे हैं, जबकि धर्मशाला के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है।
नेता प्रतिपक्ष ने जनता से आह्वान किया कि वे धर्मशाला के भविष्य के लिए नगर निगम में भाजपा की जीत सुनिश्चित करें। उन्होंने विश्वास दिलाया कि यदि नगर निगम में भाजपा की सत्ता आती है, तो वे स्वयं व्यक्तिगत रूप से केंद्र सरकार के समक्ष धर्मशाला के विकास का पक्ष रखेंगे और भारी बजट लेकर आएंगे। उन्होंने कहा कि विकास के लिए केंद्र और स्थानीय निकाय का समन्वय होना अनिवार्य है, ताकि शहर को स्मार्ट सिटी के वास्तविक स्वरूप में ढाला जा सके।




















